तेलंगाना के निजामाबाद में गुरुवार को दिनदहाड़े एक व्यक्ति की हत्या से सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान चिथारी हरिबाबू के रूप में हुई है. वह कुछ महीने पहले अपनी पत्नी और यूट्यूबर गंधम वैष्णवी की हत्या के मामले में गिरफ्तार हुआ था और हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आया था. पुलिस अब इस हत्या को वैष्णवी हत्याकांड से जोड़कर भी जांच कर रही है.
पुलिस के मुताबिक हरिबाबू निजामाबाद के RR चौराहे के पास था, तभी कार से आए कुछ हमलावरों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया. घटना एक व्यस्त इलाके में हुई. हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. हरिबाबू को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाने की जरूरत नहीं पड़ी, क्योंकि रिपोर्टों के मुताबिक उसकी मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके.
मार्च में गर्भवती पत्नी वैष्णवी की हुई थी हत्या
हरिबाबू का नाम इससे पहले मार्च 2026 में अपनी पत्नी वैष्णवी की हत्या के मामले में सामने आया था. पुलिस के अनुसार, जगित्याल जिले के कोरुटला मंडल के मादापुर गांव में वैष्णवी की हत्या हुई थी. उस समय वह करीब चार महीने की गर्भवती थीं. पुलिस के मुताबिक हरिबाबू पर आरोप था कि उसने वैष्णवी को चाकू से हमला कर मार दिया और इसके बाद वहां से भाग गया. मामले में वैष्णवी के परिवार की शिकायत के आधार पर कार्रवाई की गई और हरिबाबू को गिरफ्तार किया गया था.
दहेज उत्पीड़न का भी लगा था आरोप
जांच के दौरान वैष्णवी के परिवार की ओर से दहेज को लेकर प्रताड़ित किए जाने के आरोप लगाए गए थे. New Indian Express की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने बताया था कि हरिबाबू के परिवार की ओर से दहेज की मांग की गई थी और कथित तौर पर 5 लाख रुपये दिए जाने के बाद भी अतिरिक्त 5 लाख रुपये की मांग की गई थी. पुलिस के अनुसार, वैष्णवी के गर्भवती होने के बाद भी विवाद और कथित उत्पीड़न जारी रहा. हरिबाबू की गिरफ्तारी के बाद वह न्यायिक हिरासत में था और बाद में जमानत पर बाहर आया.
क्या वैष्णवी की हत्या का बदला लेने के लिए हुई वारदात?
हरिबाबू की हत्या के बाद पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि कहीं यह वैष्णवी हत्याकांड का बदला तो नहीं था. कुछ स्थानीय रिपोर्टों में वैष्णवी के परिवार या उनके करीबी लोगों पर शक किए जाने की बात सामने आई है, लेकिन अभी तक पुलिस ने किसी व्यक्ति को इस हत्या के लिए जिम्मेदार नहीं बताया है. जांच में CCTV फुटेज, हमलावरों के आने-जाने के रास्ते और हरिबाबू की गतिविधियों से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हमले की पहले से योजना बनाई गई थी या नहीं.
पुलिस ने शुरू की हमलावरों की तलाश
घटना के बाद पुलिस ने विशेष टीमों को जांच में लगाया है. CCTV फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान करने और उस कार का पता लगाने की कोशिश की जा रही है, जिसमें सवार होकर आरोपी पहुंचे थे. हाईन्यूज़ !














