मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विधायक रामेश्वर शर्मा के एक बयान ने सियासी बवाल खड़ा कर दिया है. भोपाल की हुजूर विधानसभा सीट से विधायक रामेश्वर शर्मा का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वो स्टेज पर खड़े होकर हजारों की तादाद में आई जनता को संबोधित कर रहे हैं और ‘काजी कैंप’ पर मिसाइल गिराने की बात कह रहे हैं. दरअसल, भोपाल में काजी कैंप नाम का एक मुस्लिम बहुल इलाका है, जिससे विधायक के इस बयान को जोड़ा जा रहा है और इसी के बाद मध्य प्रदेश में सियासी उबाल आ गया है.
वीडियो में बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा कहते दिख रहे हैं, “पीएम मोदी ने सर्जिकल स्ट्राइक की. जब देश में लोग कहते थे कि सुई बनाना नहीं जानते तो मोदी ने कहा कि हम मिसाइल बनाएंगे. तुम करोंद चौराहे पर खड़े होकर मिसाइल लगाओ और काजी कैंप में गिरा दो.” यह बात सुनकर सैकड़ों समर्थकों ने तालियां बजाई और शोर किया.
‘भोपाल नहीं, इस्लामाबाद की बात कर रहा था’
बाद में हुजूर विधायक यह क्लियर करते भी दिखे कि वह भोपाल के काजी कैंप की नहीं बल्कि इस्लामाबाद वाले काजी कैंप की बात कर रहे थे. हालांकि, उनके ये स्पष्ट करने से पहले ही लोग उनको समर्थन देते देखे जा सकते हैं.
कांग्रेस ने जताई नाराजगी
BJP के रामेश्वर शर्मा के इस बयान के बाद मध्य प्रदेश के विपक्षी दल कांग्रेस ने उनकी जमकर आलोचना की. कांग्रेस प्रवक्ता अभिनव बरोलिया ने विधायक के बयान को लेकर FIR दर्ज किए जाने की मांग की है. इसको लेकर भोपाल पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है.
जीतू पटवारी ने याद दिलाई मोहन भागवत की बात
रामेश्वर शर्मा का कथित मुस्लिम-विरोधी बयान वायरल होने के बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी की प्रतिक्रिया आई. उन्होंने बीजेपी विधायक को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत के उस बयान की याद दिलाई जब उन्होंने कहा था कि वह हिंदू नहीं जो मुसलमानों को भारत में रहने नहीं देना चाहता. संघ की ऐसी विचारधारा होने के बावजूद बीजेपी के विधायक ऐसे भड़काऊ बयान दे रहे हैं. हाईन्यूज़ !














