ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर से निकली एक प्राइवेट बस शुक्रवार (4 सितंबर, 2026) को सड़क किनारे लगे पेड़ से टकराने के बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई. इस हादसे में बस के ड्राइवर की मौत हो गई है, जबकि 25 से ज्यादा यात्री घायल हो गए हैं. यह बस राजधानी भुवनेश्वर से करीब 85 किलोमीटर दूर राज्य के नयागढ़ जिले के लिए रवाना हुई थी, लेकिन इटामाटी थाना क्षेत्र के अंतर्गत बौंसियापाड़ा के पास ही बस एक पेड़ से सीधी जाकर टकरा गई.
पेड़ से टकरा कर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई बस
स्थानीय पुलिस के मुताबिक, सड़क किनारे लगे पेड़ और बस के बीच टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और ड्राइवर केबिन में ही फंसा रह गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस ने मृत ड्राइवर की पहचान खुर्दा जिले के पिचुकुली गांव निवासी निरंजन स्वाईं के रूप में की है.
हादसे की सूचना पर पहुंचे राहत और बचाव कर्मी, चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
इस दर्दनाक बस हादसे के बारे में सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड के कर्मी, पुलिस और स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और राहत और बचाव अभियान शुरू किया. अभियान के तहत दमकल विभाग के कर्मियों और पुलिस के जवानों ने दुर्घटनाग्रस्त बस से सभी घायल यात्रियों को सुरक्षित रूप से बाहर निकाला.
इसके बाद सभी घायलों को नयागढ़ के जिला अस्तपाल में प्राथमिक इलाज के लिए भर्ती कराया गया. अस्पताल में डॉक्टरों ने पांच बस यात्रियों की हालत गंभीर बताई है और कहा है कि उनके स्वास्थ्य की नियमित निगरानी की जा रही है.
जिले के सब-कलेक्टर ने लिया स्थिति का जायजा
वहीं, इस भीषण घटना के बाद जिले के सब-कलेक्टर भी तुरंत नयागढ़ जिला अस्पताल पहुंचे. उन्होंने अस्पताल पहुंचकर पूरी स्थिति का जायजा लिया और बस के घायल यात्रियों के स्वास्थ्य के बारे में डॉक्टरों से जानकारी हासिल की. हालांकि, अधिकारियों की तरफ से इस हादसे के पीछे के असली कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है. हाईन्यूज़ !














