पहली बार फ्लाइट से यात्रा करना थोड़ा रोमांचक होने के साथ-साथ घबराहट भरा भी होता है. एयरपोर्ट की बड़ी बिल्डिंग, चेक-इन काउंटर, सिक्योरिटी चेक और बोर्डिंग गेट देखकर कई यात्रियों को समझ नहीं आता कि सबसे पहले क्या करना है. हालांकि, अगर आपको पूरी प्रक्रिया पहले से पता हो तो एयरपोर्ट पर सफर काफी आसान हो जाता है. ऐसे में आइए जानते हैं कि एयरपोर्ट पहुंचने पर आपको सबसे पहले क्या करना चाहिए और किन जरूरी बातों का ध्यान रखना चाहिए.
पहचान पत्र और जरूरी दस्तावेजों को रखें साथ
सबसे पहले अपनी फ्लाइट टिकट या ई-टिकट और पहचान पत्र अपने पास रखें. अगर आपने ऑनलाइन चेक-इन नहीं किया है, तो एयरलाइन के चेक-इन काउंटर या सेल्फ चेक-इन कियोस्क की तरफ जाएं. आप एयरपोर्ट की स्क्रीन पर अपनी एयरलाइन और फ्लाइट नंबर देखकर संबंधित काउंटर का पता लगा सकते हैं.
सामान की जांच और चेक-इन
अगर आपके पास चेक-इन बैगेज है, तो काउंटर पर उसे जमा करना होगा. एयरलाइन आपके सामान का वजन करके उसे टैग करेगी और आपको बोर्डिंग पास दिया जाएगा. अगर आपके पास केवल हैंड बैगेज है और आपने ऑनलाइन चेक-इन कर लिया है, तो कई मामलों में आप सीधे सिक्योरिटी चेक की ओर जा सकते हैं. हालांकि, इस बात का ध्यान जरूर रखें कि हर एयरलाइन और एयरपोर्ट के नियम अलग हो सकते हैं.
सिक्योरिटी चेक के लिए जाएं
चेक-इन के बाद अगला महत्वपूर्ण चरण सिक्योरिटी चेक होता है. यहां आपको बोर्डिंग पास और पहचान पत्र दिखाना पड़ता है. सिक्योरिटी जांच के दौरान मोबाइल, लैपटॉप या अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान को अलग ट्रे में रखने के निर्देश दिए जाते हैं. बेल्ट, जैकेट या जेब में रखी चीजों को भी सुरक्षा जांच के दौरान निकालने के लिए कहा जा सकता है. एयरपोर्ट पर प्रतिबंधित सामान ले जाने से बचें और अपने एयरलाइन तथा एयरपोर्ट के बैगेज नियम पहले से जांच लें.
बोर्डिंग गेट का रखें ध्यान
सिक्योरिटी चेक पूरा होने के बाद अपने बोर्डिंग गेट नंबर को देखें. यह जानकारी बोर्डिंग पास पर हो सकती है और एयरपोर्ट की स्क्रीन पर भी दिखाई जाती है. कुछ स्तिथीयों में गेट बदल भी सकता है, इसलिए सिर्फ शुरुआत में गेट देखकर न बैठें. समय-समय पर एयरपोर्ट की स्क्रीन पर अपनी फ्लाइट का स्टेटस जरूर चेक करते रहें.
पहली यात्रा पर घबराएं नहीं
पहली बार यात्रा कर रहे हैं तो एयरपोर्ट पर घबराने की जरूरत नहीं है. किसी चीज को लेकर भ्रम हो तो एयरपोर्ट या एयरलाइन के स्टाफ से पूछने में बिल्कुल संकोच न करें. अपनी फ्लाइट के समय से काफी पहले एयरपोर्ट पहुंचें. घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए एयरलाइन द्वारा बताए गए रिपोर्टिंग समय का पालन करना उचित होता है. हाईन्यूज़ !














