बिहार में एक बार फिर सियासी बवाल मचा हुआ है. एमएलसी चुनाव के पहले अनंत सिंह ने बगावत की तो बाद में उन्हें पार्टी ने निष्कासित कर दिया और अब ललन सिंह चर्चा में हैं. एमएलसी चुनाव में जीत के बाद बीते गुरुवार (29 अक्टूबर, 2026) को जेडीयू की ओर से एक्स हैंडल पर बधाई वाले एक पोस्टर को शेयर किया गया जिसमें से ललन सिंह की फोटो गायब है.
एमएलसी चुनाव में एनडीए प्रत्याशियों को मिली जीत पर बधाई देने के लिए यह पोस्टर जारी किया गया है. कभी जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष रह चुके ललन सिंह की तस्वीर पार्टी के पोस्टर से गायब है यह अपने आप में बड़ा सवाल खड़े कर रहा है.
चुनाव के दौरान ललन सिंह का एक बयान ‘ताली एक हाथ से नहीं बजती’ की खूब चर्चा हुई थी. जब रिजल्ट आया तो जीत के बाद नीरज कुमार ने कहा था कि वे ललन सिंह का आशीर्वाद नहीं लेंगे. अब पोस्टर से ललन सिंह की तस्वीर गायब होने पर जेडीयू में सियासी चर्चाएं तेज हैं.
एक्स पोस्ट में क्या लिखा गया?
एक्स पर बधाई वाले पोस्ट में लिखा गया है, “बिहार विधान परिषद के शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों से विजयी एनडीए के सभी प्रत्याशियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं. आपकी यह जीत एनडीए के प्रति लोगों के अटूट विश्वास और भरोसे को दर्शाती है. आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के कुशल नेतृत्व एवं माननीय नीतीश कुमार जी के मार्गदर्शन में बिहार विकास के पथ पर निरंतर अग्रसर है. इस चुनाव में समाज के प्रबुद्धजनों एवं शिक्षकों द्वारा एनडीए के प्रति व्यक्त किए गए विश्वास और समर्थन के लिए जद (यू) परिवार की ओर से हार्दिक आभार.”
जेडीयू के एक्स हैंडल पर जो पोस्टर है उसमें नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार की बड़ी तस्वीर है. इसके अलावा सम्राट चौधरी, उपेंद्र कुशवाहा, जीतन राम मांझी, चिराग पासवान, संजय सरावगी, उमेश कुशवाहा, संजय झा और निशांत कुमार की तस्वीर है. ऐसे में सियासी गलियारों में सवाल उठने लगा है कि आखिर ललन सिंह पोस्टर से गायब क्यों हैं? दूसरा सवाल यह भी है कि अनंत सिंह के बाद अब ललन सिंह को पार्टी में किनारे लगाने का काम शुरू हो गया है? हाईन्यूज़ !














