अमेरिका में मिडटर्म चुनाव रिजल्ट पर एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी दिलचस्प बयान दिया है. उन्होंने मिशिगन से डेमोक्रेटिक सीनेट उम्मीदवार अब्दुल अल-सैयद की जीत का जिक्र करते हुए कहा कि एक अब्दुल मिशिगन में जीत गया, अब उत्तर प्रदेश के अब्दुल को अपनी सियासी पहचान मज़बूत करनी होगी.
हैदराबाद से सांसद ओवैसी ने एक्स पर लिखा, ”संघियों ने अब्दुल को एक तंज़ में बदलने की बहुत कोशिश की है. वक़्त आ गया है कि हम दिखाएं कि अब्दुल अल्लाह के सिवा किसी की ग़ुलामी नहीं करता. अब दरी नहीं बिछाएंगे.”
अब्दुल अल-सैयद ने मिशिगन में डोनाल्ड ट्रंप की पार्टी रिपब्लिकन के उम्मीदवार माइक रोजर्स को हराया. इसके बाद अब्दुल अल-सैयद ने कहा कि मैं बड़े दिल, खुले विचारों, दृढ़ संकल्प और सच्ची लगन के साथ आपकी सेवा करने के लिए उत्सुक हूं, जो आपने मुझे दिखाई है. मेरे सबसे मुश्किल समय में आपने मुझे सम्मान और ताकत दी, और ऐसी उम्मीद और प्रेरणा दी जिससे मुझे अपना सर्वश्रेष्ठ देने की हिम्मत मिली.
उन्होंने कहा, ”मुझे उम्मीद है कि मैं आपकी सेवा के लिए यह सब अपने साथ वाशिंगटन ले जा सकूंगा. पिछले एक महीने ने इस चुनाव के महत्व को और भी स्पष्ट कर दिया है. हमने एक बेहतर, बड़े और उम्मीदों से भरे मिशिगन की बात की है. वहीं दूसरी ओर, उनका अभियान पूरी तरह से बनावटी और कॉर्पोरेट फंड से चलने वाला विज्ञापन अभियान है, जिसे लोगों को धोखा देने और उनका ध्यान भटकाने के लिए बनाया गया है.”
उन्होंने राष्ट्रपति ट्रंप पर तंज कसते हुए कहा कि डोनाल्ड, देखिए, मुझे पता है कि आपको मेरा नाम लेने में दिक्कत होती थी. इसलिए, जनवरी में जब जेडी मुझे शपथ दिला देंगे, तो आप मुझे बस ‘सीनेटर’ कहकर बुला सकते हैं. हाईन्यूज़ !














