रामपुर पत्नी के जन्मदिन पर सोशल मीडिया पर शायरी साझा करना स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी डॉ. देवेश चौधरी के लिए विवाद की वजह बन गया. एक शायरी की पंक्ति को लेकर कुछ लोगों ने आपत्ति जताई और कोतवाली पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. हालांकि, अधिकारी का कहना है कि उन्होंने यह शायरी अपनी पत्नी के जन्मदिन पर व्यक्तिगत भावनाओं को व्यक्त करने के लिए पोस्ट की थी. किसी धर्म, समुदाय या व्यक्ति की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का उनका कोई उद्देश्य नहीं था.
दरअसल उन्होंने अपनी पत्नी के जन्मदिन पर पोस्ट में लिखा था, “तुम्हारी जुबां पर मेरा नाम, उफ्फ जैसे किसी मस्जिद पर लिखा हो जय श्री राम. जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं डियर वाइफी अंजलि कनक.” इसको लेकर लोगों ने आपत्ति दर्ज कराई.
व्यक्तिगत पोस्ट को लेकर खड़ा हुआ विवाद
बताया जा रहा है कि नोडल अधिकारी डॉ. देवेश चौधरी ने अपनी पत्नी के जन्मदिन पर फेसबुक पर एक शायरी साझा की थी. शायरी में मस्जिद और जय श्रीराम का जिक्र होने के कारण कुछ लोगों ने इसे धार्मिक भावनाओं से जोड़कर आपत्ति जताई. इसके बाद मामला सोशल मीडिया से निकलकर कोतवाली तक पहुंच गया.
आपत्ति के बाद खुद हटा दी पोस्ट
विवाद बढ़ने पर डॉ. देवेश चौधरी ने बिना किसी विवाद को आगे बढ़ाए अपनी फेसबुक पोस्ट हटा दी. उनका स्पष्ट कहना है कि पोस्ट का मकसद केवल पत्नी के जन्मदिन पर शायरी के माध्यम से अपनी भावनाएं जाहिर करना था. किसी की धार्मिक आस्था या भावनाओं का अपमान करना उनकी मंशा नहीं थी.
वहीं कुछ लोगों की आपत्ति सामने आने के बाद उन्होंने पोस्ट हटाना उचित समझा. फिलहाल, पत्नी के जन्मदिन पर साझा की गई एक व्यक्तिगत शायरी को लेकर उठा विवाद चर्चा का विषय बना हुआ है. वहीं, अधिकारी ने अपनी मंशा स्पष्ट करते हुए धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप से इनकार किया है. फिलहाल पोस्ट को लेकर विवाद जारी है.
अखिलेश के अयोध्या दौरे पर पिघले बृजभूषण सिंह! बोले- ‘कोई गलत काम नहीं कर रहे’ हाईन्यूज़ !














