महाराष्ट्र के कोल्हापुर में आज गोकुल दूध संघ के अध्यक्ष के चुनाव महायुति की जीत हुई है. NCP के राजेश पाटिल अध्यक्ष चुने गए हैं. अध्यक्ष पद के चुनाव में महायुति के उम्मीदवार राजेश पाटिल ने समविचारी आघाड़ी के उम्मीदवार शशिकांत पाटील चुयेकर को मात दी. राजेश पाटिल को कुल 29 में से 16 वोट मिले जबकि शशिकांत पाटिल चुयेकर को 13 वोट मिले. दो चरणों में वोटों की गिनती हुई.
पहले चरण में निर्वाचित संचालकों के वोटों की गिनती हुई. इसमें शशिकांत पाटिल चुयेकर को 13 और राजेश पाटिल को 12 वोट मिले. दूसरे चरण में सरकार की ओर से नियुक्त संचालकों के वोटों की गिनती हुई. इसके बाद राजेश पाटील को कुल 16 और शशिकांत पाटिल चुयेकर को 13 वोट मिले. इस जीत के साथ गोकुल दूध संघ के अध्यक्ष पद पर महायुति का कब्जा हो गया. समविचारी आघाड़ी को हार का सामना करना पड़ा.
सरकार के फैसले का हुआ था विरोध
बता दें कि कांग्रेस के विधानपरिषद सदस्य सतेज पाटिल के पैनल ने 18 अक्टूबर के गोकुल डेरी चुनाव में 25 में से 13 सीट जीतीं, जबकि महाराष्ट्र के सत्तारूढ़ गठबंधन महायुति के पैनल को 12 सीट मिली थीं. इसके बाद महाराष्ट्र कैबिनेट ने सहकारी संस्था में सत्ता के संतुलन को पूरी तरह से बदलने में समर्थ एक प्रस्ताव को मंजूरी दी. इसके तहत सरकार को बोर्ड में पांच निदेशक नियुक्त करने का अधिकार मिला और जिनमें से चार को वोट देने का अधिकार भी दिया गया. सरकार के इस फैसले का विरोध हुआ. इस पर सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि निदेशकों की नियुक्ति का फैसला कानून के अनुसार लिया गया था.
पाटिल ने महाराष्ट्र सरकार पर गोकुल डेरी पर नियंत्रण की कोशिश कर कोल्हापुर के जनादेश का अपमान करने का आरोप लगाया था. महाराष्ट्र के चिकित्सा शिक्षा मंत्री हसन मुश्रीफ ने गोकुल डेरी के नेतृत्व को लेकर उत्पन्न गतिरोध में राज्य सरकार के हस्तक्षेप का यह कहते हुए बचाव किया था कि लोकतांत्रिक कामकाज बहाल करने और प्रशासन निर्वाचित प्रतिनिधियों के हाथों में सौंपने के लिए यह कदम उठाना जरूरी था.
गोकुल डेरी को जानिए
1963 में स्थापित कोल्हापुर जिला सहकारी दुग्ध उत्पादक संघ का 2024-25 में वार्षिक कारोबार 3,966.28 करोड़ रुपये रहा. इस दुग्ध उत्पादक संघ को ‘गोकुल डेरी’ के नाम से भी जाना जाता है. यह लगभग 4.41 लाख दुग्ध उत्पादकों के साथ काम करता है और कोल्हापुर जिले और इसके आसपास के लगभग 1810 गांवों में मौजूद 8009 ग्राम-स्तरीय समितियों से रोज़ाना दूध इकट्ठा करता है, जिससे यह इस क्षेत्र की एक महत्वपूर्ण संस्था बन गई. हाईन्यूज़ !














