दिल्ली में तेज बारिश का कहर जारी है. इस बीच सोमवार (24 अगस्त) को चांदनी महल थाना क्षेत्र के पहाड़ी भोजला में सुबह जर्जर इमारत का एक हिस्सा अचानक गिर गया. इस हादसे में तीन से चार मोटरसाइकिल और स्कूटियों को नुकसान पहुंचा है.
दरअसल, घटना की सूचना सुबह करीब 11:22 बजे पीसीआर कॉल के जरिए पुलिस को मिली. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके को सुरक्षित कर वहां मौजूद लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया. मलबे के नीचे और आसपास खड़े वाहनों को भी पुलिस ने सावधानी पूर्वक हटाया.
पहले से जर्जर थी इमारत
हादसे में किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है. हालांकि, इमारत का हिस्सा गिरने से करीब 3-4 स्कूटी/मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हो गईं. पुलिस के मुताबिक, इमारत पहले से ही जर्जर हालत में थी.
एमसीडी ने दिया था नोटिस
जांच में सामने आया कि MCD की ओर से इमारत की स्थिति को लेकर पहले ही नोटिस जारी किया जा चुका था. बताया गया है कि इमारत में मरम्मत का काम भी चल रहा था. पुलिस और संबंधित MCD अधिकारी मामले में कानून और प्रक्रिया के तहत आवश्यक कार्रवाई कर रहे हैं. हाईन्यूज़ !














